भिलाई में इस आईसक्रीम फैक्ट्री पर निगम का छापा, 25 हजार का जुर्माना

खराब आईसक्रीम जब्त कर नष्ट करने की कार्रवाई

भिलाई में इस आईसक्रीम फैक्ट्री पर निगम का छापा, 25 हजार का जुर्माना

भिलाई नगर निगम ने स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए वैशाली नगर जोन-2 के वार्ड क्रमांक 21 कैलाश नगर स्थित एक आईसक्रीम फैक्ट्री में छापा मारा। निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम निरीक्षण के लिए पहुंची।

जांच के दौरान कृष्णा फूड प्रोडक्ट नामक फैक्ट्री में कई कमरों, स्टोर रूम, ऑफिस, डीप फ्रीजर रूम और हाल में आईसक्रीम निर्माण व पैकेजिंग का काम चलता मिला। निरीक्षण में स्टोर रूम और डीप फ्रीजर में करीब 200 कुल्फियां खराब और पिघली हुई हालत में मिलीं। परिसर में गंदगी के साथ कुल्फी की स्टिक और रैपर भी बिखरे पाए गए।

निगम की टीम ने मौके पर ही निर्माण स्थल की सफाई करवाई और खराब आईसक्रीम को पंचनामा बनाकर जब्त किया। फैक्ट्री संचालक पर गंदगी फैलाने के आरोप में 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।

निगम अधिकारियों ने संचालक को मिक्चर मशीन, डीप फ्रीजर, स्टोर रूम और पैकेजिंग स्थल को साफ रखने तथा खाद्य सामग्री को स्वच्छ और सुरक्षित तरीके से उपयोग करने के निर्देश दिए।

इस कार्रवाई में जोन स्वास्थ्य अधिकारी शंकर साहनी, स्वच्छता निरीक्षक अंजनी सिंह, वार्ड सुपरवाइजर और स्वास्थ्य विभाग का अमला मौजूद रहा।