हैदराबाद से चल रहा था IPL सट्टे का बड़ा खेल, दुर्ग पुलिस ने मास्टरमाइंड कुणाल वर्मा समेत 13 सटोरियों को दबोचा, लाखों रुपए कैश जब्त

5 करोड़ के ट्रांजेक्शन का खुलासा, लेपटांप 09 नग, मोबाईल 46 नग, पासबुक 23 नग, एटीएम 107 नग, 20 सीम कार्ड जब्त

हैदराबाद से चल रहा था IPL सट्टे का बड़ा खेल, दुर्ग पुलिस ने मास्टरमाइंड कुणाल वर्मा समेत 13 सटोरियों को दबोचा, लाखों रुपए कैश जब्त

 भिलाई। आईपीएल सट्टे के खिलाफ दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हैदराबाद में बैठकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का पैनल चलाने वाले 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ है। मामले में संगठित अपराध की धाराएं लगाई गई हैं और अब पूरे सिंडिकेट की संपत्तियों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि इस नेटवर्क के जरिए म्यूल अकाउंट का इस्तेमाल कर ऑनलाइन सट्टे का बड़ा खेल संचालित किया जा रहा था।

दुर्ग पुलिस के मुताबिक 16 मई को थाना छावनी और एसीसीयू टीम ने जावेद अख्तर और आभास जायसवाल को बैंक खातों, पासबुक और अन्य दस्तावेजों के साथ पकड़ा था। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे स्लम एरिया और अन्य लोगों के नाम से बैंक खाते खुलवाकर उनके एटीएम, पासबुक, चेकबुक और सिम कार्ड इकट्ठा करते थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि इन बैंक खातों और दस्तावेजों को कुरूद निवासी कुणाल वर्मा को 25 हजार रुपये प्रति पासबुक के हिसाब से बेचा जाता था। कुणाल वर्मा इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे में रकम जमा करने और निकालने के लिए करता था। पुलिस के अनुसार कुणाल वर्मा पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड है और वही पैनल खरीदकर म्यूल अकाउंट की व्यवस्था करता था। पूछताछ के बाद पुलिस टीम हैदराबाद पहुंची, जहां अल्फापुरम की एसएस रेसीडेंसी और शमसाबाद की नक्षत्र सोसायटी में दबिश दी गई। यहां से ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 9 लैपटॉप, 46 मोबाइल फोन, 23 पासबुक, 107 एटीएम कार्ड, करीब 20 सिम कार्ड और 2 लाख 57 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस जांच में अब तक करीब 5 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन का पता चला है। इन खातों से जुड़े 63 साइबर शिकायतें भी सामने आई हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के ऊपर बैठे लोगों और पैनल सप्लायर तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। साथ ही सिंडिकेट से जुड़े म्यूल अकाउंट्स पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। दुर्ग पुलिस ने बताया कि आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ इस साल अब तक 14 बड़ी कार्रवाइयां की जा चुकी हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। ऑनलाइन सट्टे का यह नेटवर्क सिर्फ जुए तक सीमित नहीं था, बल्कि इसमें बैंक खातों और म्यूल अकाउंट्स का इस्तेमाल कर करोड़ों रुपये का अवैध लेनदेन किया जा रहा था। दुर्ग पुलिस की इस कार्रवाई ने आईपीएल सट्टेबाजी के बड़े सिंडिकेट का खुलासा किया है। अब जांच इस बात की है कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

* गिरफ्तार आरोपीगण (नाम एवं पता)

1. विक्की कुमार साहू पिता स्व० जितेन्द्र साहू उम्र 24 साल पता चंडी मंदिर मठपारा दुर्ग

2. अभिषेक भारती पिता रामा ईश्वर भारती उम्र 23 साल पता वृन्दानगर केम्प 1 भिलाई

3. गुफरान खान पिता मन्नान खान उम्र 32 साल पता नूरमल्ल नूरानी बस्ती थाना शाहजानाबाद भोपाल (म०प्र०)

4. राजकुमार पासवान पिता मनोज पासवान उम्र 27 साल पता इन्दिरा नगर राजेन्द्र प्रसाद गदा चौक सुपेला

5. तुकेश्वर साहू पिता राजेन्द्र कुमार साहू उम्र 21 साल पता वृन्दानगर केम्प । गणेश मंदिर के पास निलाई

6. जेदखान पिता मन्नान खान उम्र 25 साल पता नूर महल नूरानी बस्ती थाना शाहजानाबाद भोपाल (म०प्र०)

7. के श्रीनु पिता स्व० के ताता राव उम्र 25 साल पता केम्प 1 वृन्दानगर भिलाई

8. शेख स‌द्दाम पिता रोज इलम उम्र 24 साल पता वृन्दानगर केम्प 1 भिलाई

9. विकास राय पिता विरेन्द्र राय उम्र 21 साल पता इन्दिरा नगर क्रामराज लांड्री के पास थाना सुपेला

10. विकास निषाद पिता ईश्वर राम निषाद उम्र 20 साल पत्ता केम्प 1 वृन्दानगर भिलाई 

11. रोहित चौहान पिता छोटेलाल खैहान उम्र 21 साल पता शंकरपारा मराठा बस्ती के पास सुपेला

12. कुणाल वर्मा पिता नेतराम वर्मा उम्र 23 साल पता ढांचा भवन सांई मंदिर के पास कुरूद

13. प्रतीक पटेल पिता स्व० बेनु पटेल उम्र 20 साल पता रामनगर जहाज बिल्डिंग के सामने उड़िया मोहल्ला थाना वैशाली नगर