दुर्ग में हेलमेट नियम पर सख्ती: 5 पुलिसकर्मियों का भी कटा चालान
यातायात पुलिस का साफ संदेश, कानून सबके लिए बराबर

दुर्ग में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस अब पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आम लोगों के साथ अब पुलिसकर्मी भी कार्रवाई से नहीं बच पाए।

ताजा कार्रवाई में यातायात पुलिस दुर्ग ने बिना हेलमेट वाहन चलाते पकड़े गए 5 पुलिसकर्मियों के खिलाफ चालानी कार्यवाही की है। इससे साफ संकेत दिया गया है कि नियम तोड़ने पर किसी को भी छूट नहीं मिलेगी।

दरअसल, जिले में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार चेकिंग की जा रही है। इस दौरान बिना हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

यातायात पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ ई-चालान जारी किए जा चुके हैं। अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का साफ कहना है कि सड़क पर सुरक्षित सफर के लिए नियमों का पालन जरूरी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

