बदलते बस्तर की तस्वीर: सचिन तेंदुलकर पहुंचे दंतेवाड़ा के छिंदनार, बच्चों संग खेला क्रिकेट

रायपुर/दंतेवाड़ा। बस्तर अब बदल रहा है और इसकी झलक उस वक्त साफ दिखी, जब क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर दंतेवाड़ा जिले के सुदूर वनांचल ग्राम छिंदनार पहुंचे। उनके इस दौरे ने पूरे इलाके में नई ऊर्जा और उम्मीद भर दी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस पल को “बदलते बस्तर की सशक्त तस्वीर” बताया। उन्होंने कहा कि मां दंतेश्वरी की पावन धरती पर सचिन का आगमन प्रेरणादायक है और यह संकेत है कि बस्तर अब भय से बाहर निकलकर नए अवसरों की ओर बढ़ रहा है।

सचिन तेंदुलकर का यह दौरा ‘मैदान कप अभियान’ के तहत हुआ, जिसे सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन और माणदेशी फाउंडेशन मिलकर चला रहे हैं। इस पहल का मकसद ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में बच्चों के लिए बेहतर खेल मैदान तैयार करना है। छिंदनार में सचिन का स्वागत पारंपरिक तरीके से किया गया। यहां वे बेहद सहज अंदाज में नजर आए। उन्होंने बच्चों से बातचीत की, उनके साथ क्रिकेट खेला और खेल के साथ-साथ अनुशासन और जीवन के मूल्यों पर भी उन्हें प्रेरित किया।

गांव के लोगों के लिए यह पल किसी सपने से कम नहीं था। बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था, जब उन्होंने अपने आदर्श खिलाड़ी को अपने बीच पाया। यह दौरा सिर्फ एक मुलाकात नहीं, बल्कि बस्तर में बदलती तस्वीर का मजबूत संदेश है, जहां अब बंदूक की जगह बल्ले की आवाज सुनाई देने लगी है।

