करोड़ों के घोटाले में दो बड़े अफसर सस्पेंड, सरकार की सख्त कार्रवाई

करोड़ों के घोटाले में दो बड़े अफसर सस्पेंड, सरकार की सख्त कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आवास एवं पर्यावरण विभाग के दो वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

निलंबित अधिकारियों में संयुक्त संचालक सूर्यभान सिंह ठाकुर और उप संचालक कमला सिंह शामिल हैं। दोनों पर राजनांदगांव नगर निगम क्षेत्र में सत्यम परिवेश कॉलोनी के अनुमोदन में कथित हेरफेर कर सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाने का आरोप है। मामले में पहले दोनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद 20 नवंबर 2025 को संचालनालय द्वारा जांच समिति गठित की गई। समिति की रिपोर्ट में दोनों अधिकारियों को प्रथम दृष्टया कदाचार का दोषी पाया गया।

जांच रिपोर्ट के आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1966 के तहत दोनों अधिकारियों को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय इंद्रावती भवन, नवा रायपुर निर्धारित किया गया है। सरकार के आदेश के अनुसार, निलंबन के दौरान दोनों अधिकारियों को जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा, लेकिन बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने की इजाजत नहीं होगी। जांच में यह भी सामने आया है कि अधिकारियों ने नियमों का उल्लंघन करते हुए कॉलोनी अनुमोदन प्रक्रिया में अनुचित हस्तक्षेप किया, जिससे करोड़ों रुपये की हानि हुई।