हाइड्रोपोनिक ड्रग्स केस में एक और आरोपी गिरफ्तार

हाइड्रोपोनिक ड्रग्स केस में एक और आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। छत्तीसगढ़ में पहली बार उच्च गुणवत्ता वाले हाइड्रोपोनिक गांजा का मामला सामने आया है। भिलाई नगर पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई तेज करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई नशा मुक्ति अभियान के तहत की गई, जिसमें पहले 4 अप्रैल 2026 को बोरसी रोड, रुआबांधा क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से गांजा के साथ हाइड्रोपोनिक गांजा और नशा सेवन से जुड़ी सामग्री बरामद हुई थी। इस मामले में NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस लगातार मादक पदार्थ के स्रोत और नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई थी। इसी कड़ी में 5 अप्रैल को एक और आरोपी आयुष विश्वकर्मा (29) को हुड़को, भिलाई के एमआईजी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 1.4 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार हाइड्रोपोनिक गांजा सामान्य गांजे की तुलना में ज्यादा प्रभावी और महंगा होता है, जिसे विशेष तकनीक से उगाया जाता है। इसका उपयोग नशे के लिए किया जाता है और यह अवैध रूप से ऊंचे दामों में बेचा जाता है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

आरोपी का नाम : 1. आयुष विश्वकर्मा, उम्र 29 वर्ष, निवासी एमआईजी 01/982, हुड़को, भिलाई, जिला दुर्ग