फोटो से छेड़छाड़ कर वायरल करने और धमकी देने का मामला, आईटी एक्ट में कार्रवाई

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने सोशल मीडिया पर महिला के साथ अभद्रता और ब्लैकमेलिंग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।

मामला उतई थाना क्षेत्र का है, जहां एक युवक ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिला को पहले फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी, फिर चैटिंग के जरिए संपर्क बढ़ाया। इसके बाद आरोपी ने महिला की फोटो के साथ छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक सामग्री बनाई और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और सीडीआर के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे बालोद जिले के कोहगाटोला से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने तीन फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर इस अपराध को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और चैटिंग से जुड़े साक्ष्य जब्त किए हैं और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
आरोपी का नाम :
1. राधेलाल महरा उर्फ राजा, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम कोहगाटोला, थाना कोतवाली बालोद, जिला बालोद (छ.ग.)
