अवैध कब्जों पर निगम की सख्ती, मांस दुकान हटाई, वेडिंग जोन कराया कब्जामुक्त

भिलाईनगर। स्वच्छ और सुंदर भिलाई के संकल्प के तहत नगर पालिक निगम भिलाई का अवैध कब्जा हटाने का अभियान लगातार जारी है। बिना अनुमति और लाइसेंस के संचालित दुकानों पर निगम सख्त कार्रवाई कर रहा है।

निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर 28 जनवरी को जोन-3 सुभाष चौक में सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित मांस-मटन दुकान को पुलिस बल की मौजूदगी में हटाया गया। चौक पर दुकान खुलने से यातायात बाधित हो रहा था और नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

इसी क्रम में जोन-4 खुर्सीपार क्षेत्र के डबरा पारा तिराहा के पास वेडिंग जोन में किए गए अस्थायी अतिक्रमण को भी निगम के राजस्व और बेदखली दस्ते की संयुक्त टीम ने हटाकर क्षेत्र को कब्जामुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता, सहायक राजस्व अधिकारी, जोन स्वास्थ्य अधिकारी, बेदखली प्रभारी सहित निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
