रवींद्र निकेतन कालिबाड़ी हुडको में सर्वजनिन दुर्गोत्सव 2025 का भव्य आयोजन, देखें समय सारणी

भिलाई। रवींद्र निकेतन कालिबाड़ी हुडको में इस वर्ष 39वां वर्ष दुर्गा पूजा, लक्ष्मी पूजा एवं काली पूजा का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 27 अगस्त 2025 से प्रारंभ होकर 23 जनवरी 2026 तक विभिन्न तिथियों में भव्य पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न होगा।
पूजाविधि का संचालन करने वाले पं. निताई चांद चक्रवर्ती ने बताया कि पंचमी पूजा 27 सितंबर को शाम 7:30 बजे देवी बोधन के साथ आरंभ होगी। छठी पूजा 28 सितंबर सुबह 8:25 बजे प्रारंभ होगी, जिसमें पुष्पांजलि और संध्या आरती शामिल हैं। सप्तमी पूजा 29 सितंबर को सुबह 8:05 बजे नबपत्रिका प्रवेश के साथ शुरू होकर विभिन्न विधियों से संपन्न होगी। महा अष्टमी पूजा 30 सितंबर को सुबह 8:15 बजे होगी, इसके पश्चात भोग, बलिदान और संधि पूजा का संचालन किया जाएगा। महा नवमी पूजा 1 अक्टूबर को सुबह 8:20 बजे होगी, जिसमें भोग, हवन और संध्या आरती का आयोजन है। दशमी पूजा 2 अक्टूबर को सुबह 9:05 बजे शुरू होगी, जिसमें सिंदूर दान, प्रतिमा विसर्जन और स्नान जल की विधि शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कोजागोरी लक्ष्मी पूजा 6 अक्टूबर, काली पूजा (दिवाली) 20 अक्टूबर, जगद्धात्री पूजा 30 अक्टूबर, कार्तिक पूजा 17 नवंबर तथा बसंता पंचमी 23 जनवरी 2026 को भी धूमधाम से मनाई जाएगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम 28 सितम्बर से
हुडको स्थित कालीबाड़ी ग्राउंड में रवींद्र निकेतन द्वारा सरबोजनिन दुर्गोत्सव 2025 का आयोजन बड़े धूमधाम से किया जा रहा है। दुर्गोत्सव के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी खास तैयारियां की गई हैं, जिनमें स्थानीय और बाहरी कलाकारों की प्रस्तुति देखने को मिलेगी। जनरल सेक्रेटरी रूपक दत्ता ने बताया कि 28 सितम्बर से 1 अक्टूबर तक हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इनमें संगीत, नृत्य और कविता-पाठ (अवृति) से लेकर बैंड परफॉरमेंस तक शामिल हैं। 28 सितम्बर (षष्ठी) को गीत, नृत्य और अवृति, 29 सितम्बर (सप्तमी) को दुर्गतिनाशिनी ग्रुप का संगीतमय कार्यक्रम, 30 सितम्बर (अष्टमी) को भिलाई कलाकारों के बैंड के साथ संगीतमय रात्रि, 1 अक्टूबर (नवमी) को थ्री एमपी ग्रुप भिलाई द्वारा संगीतमय रात्रि कार्यक्रम शाम 7:30 बजे से रात 10 बजे तक दुर्गापूजा ग्राउंड, कालीबाड़ी, हुडको में होंगे। यह सरबोजनिन दुर्गोत्सव अपने 39वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों ने लोगों से कार्यक्रमों में शामिल होकर उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।