VIDEO शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष से ऐतिहासिक वापसी, पीएम मोदी ने कहा– देश को उन पर गर्व है
गगनयात्री शुभांशु शुक्ला 18 दिन के अंतरिक्ष मिशन के बाद सकुशल लौटे। पीएम मोदी ने कहा कि यह गगनयान मिशन की दिशा में एक बड़ा कदम है। जानिए पूरी जानकारी।
नई दिल्ली। भारत के लिए गौरव का क्षण है, जब भारतीय गगनयात्री शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की ऐतिहासिक यात्रा पूरी कर आज सकुशल धरती पर लौट आए। शुभांशु, अमेरिका के एक्सिओम-4 मिशन का हिस्सा थे और उन्होंने अपने तीन सहयोगी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ आज दोपहर 3:01 बजे प्रशांत महासागर में कैलिफोर्निया तट पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की।
18 दिनों तक अंतरिक्ष में रहने वाले शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन का दौरा करने वाले भारत के पहले गगनयात्री बन गए हैं। इस उपलब्धि ने न केवल देश का नाम विश्व स्तर पर ऊंचा किया है, बल्कि भारत के गगनयान मिशन की दिशा में एक मजबूत कदम भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ऐतिहासिक क्षण पर खुशी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया – "मैं पूरे देश के साथ ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का स्वागत करता हूं, जो अपने ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन से पृथ्वी पर लौट आए हैं। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन का दौरा करने वाले भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री के रूप में, उन्होंने अपने समर्पण, साहस और अग्रणी भावना से करोड़ों सपनों को प्रेरित किया है। यह हमारे अपने मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन गगनयान की दिशा में एक और मील का पत्थर है।" देशभर से वैज्ञानिकों, छात्रों और आम नागरिकों ने भी इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी हैं। ISRO और DRDO के अधिकारियों ने भी इसे भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान के लिए ऐतिहासिक दिन बताया है।