संपत्ति विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की टंगिया मारकर बेरहमी से कर दी हत्या
मामला भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र का

भिलाई। पारिवारिक और संपत्ति विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की टंगिया मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। मामला छावनी थाना क्षेत्र के सुभाष नगर का है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान महेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम राजवीर सिंह बताया गया है, जो उसका छोटा भाई है। घटना सोमवार देर शाम की बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर निवासी महेंद्र सिंह (उम्र लगभग 45 वर्ष) और उसका छोटा भाई राजवीर सिंह (उम्र लगभग 40 वर्ष) लंबे समय से पारिवारिक विवाद में उलझे हुए थे। बताया जा रहा है कि जमीन-जायदाद और घरेलू मामलों को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। मंगलवार को भी किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच तीखी बहस हुई, जो कुछ ही पलों में हिंसक हो गई। गुस्से में बेकाबू राजवीर सिंह ने घर में रखी टंगिया उठा ली और बड़े भाई महेंद्र सिंह पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले के दौरान राजवीर ने महेंद्र के सिर पर कई बार वार किया, जिससे वह खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़ा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की आवाजें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। खून से लथपथ महेंद्र जमीन पर पड़ा था और आरोपी राजवीर घटनास्थल से फरार हो चुका था। पड़ोसियों ने तत्काल इसकी सूचना छावनी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।