सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों ने पुलिस पर किया फायर, मुठभेड़ में तीन आरोपी घायल

सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों ने पुलिस पर किया फायर, मुठभेड़ में तीन आरोपी घायल

गोपालगंज। उत्तर प्रदेश की 17 साल की लड़की से सामूहिक दुष्कर्म करने वाले आरोपियों और बिहार पुलिस की टीम के बीच मुठभेड़ हुई है। इसमें तीन आरोपी घायल हुए हैं। पुलिस ने बदमाशों के पास से देसी कट्टा, रिवॉलवर और कारतूस बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार सोमवार मध्य रात्रि को कुचायकोट थाना क्षेत्र के पेटभरिया चवर के समीप पुलिस तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने गई थी। लेकिन, तीनों ने पुलिस को देखते हुए फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी गोलीबारी की। इसमें तीनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने तीनों को अस्पताल में भर्ती करवाया है। तीनों का इलाज चल रहा है। 

बता दें कि लकवाग्रस्त पिता का इलाज कराने उत्तरप्रदेश से आई 17 वर्षीय किशोरी के साथ सासामुसा रेलवे स्टेशन पर तीन आरोपियों ने सोमवार की सुबह सामूहिक दुष्कर्म किया था। दरिंदों ने बेरहमी से उसकी पिटाई की और शरीर पर जगह-जगह नाखून से नोंच डाला। इतना ही नहीं, कान और नाक से सोने के गहने भी छीन लिए। जख्मी किशोरी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले की रहनेवाली है। वह श्यामपुर में पिता का इलाज कराने के बाद ट्रेन से घर लौटने के लिए रविवार की रात सासामुसा स्टेशन पहुंची। ट्रेन छूट जाने की वजह से वह रात में स्टेशन पर ही रुकी हुई थी। इसी दौरान उसके साथ तीनों ने ऐसा किया था।