VIDEO सफल स्प्लैशडाउन, पृथ्वी पर सकुशल लौटे सुनीता और वल्मोर
नई दिल्ली। 286 दिनों के बाद भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स धरती पर वापस लौट आई हैं। नासा के वैज्ञानिकों के मुताबिक सुनीता और बैरी विल्मोर को लेकर लौट रहा यान तड़के 3.27 बजे अमेरिका के फ्लोरिडा में समुद्र तल पर उतारा। इस मिशन में नासा के साथ एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स का भी उल्लेखनीय सहयोग रहा। सुनीता विलियम्स की सकुशल वापसी के लिए भारत में परिजनों ने यज्ञ-हवन और प्रार्थना की। गुजरात में अखंड ज्योति जलाई गई। फ्लोरिडा में स्पेसएक्स के ड्रैगन कैप्सूल से लौटे चारों अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षित वापसी की नासा ने पुष्टि की। इसे वैज्ञानिक भाषा में सफल स्प्लैशडाउन बताया गया।
बता दें कि सुनीता विलियम्स अंतरिक्ष में कुल 606 दिन बिता चुकी हैं। इसके साथ ही अंतरिक्ष में सबसे लंबा समय गुजराने वाले अंतरिक्षयात्रियों में सुनीता विलियम्स दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। इस मिशन में ही सुनीता विलियम्स ने 286 दिन लगातार अंतरिक्ष में गुजारकर इतिहास रच दिया। सुनीता विलियम्स ने चार बार स्पेसवॉक किया। सुनीता विलियम्स के धरती पर सुरक्षित लौटने पर खुशी जताते हुए राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया। राजनाथ सिंह ने लिखा कि 'नासा के क्रू-9 के सुरक्षित लौटने पर खुशी है। क्रू में शामिल भारत की बेटी सुनीता विलियम्स और अन्य एस्ट्रोनॉट्स ने अंतरिक्ष में इंसानी सहनशक्ति का नया इतिहास लिखा है। सुनीता विलियम्स की अतुलनीय यात्रा, समर्पण और लड़ने की क्षमता से दुनियाभर में करोड़ों लोग प्रेरित हुए हैं। उनका वापस लौटना खुशी का क्षण है। इससे हम सभी गौरवान्वित हुए हैं। उन सभी लोगों को भी बधाई और धन्यवाद, जो क्रू को सुरक्षित धरती पर लेकर लौटे।'