महिला की हत्या का खुलासा, परिचित युवक गिरफ्तार

शराब पीने के बाद विवाद में सिर पर वार कर हत्या का आरोप, आरोपी ने शव कमरे में बंद कर बाहर से लगाई थी सिकड़ी

महिला की हत्या का खुलासा, परिचित युवक गिरफ्तार

बलरामपुर। कुसमी नगर में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मृतका का परिचित था और पिछले कुछ महीनों से उसके साथ रहकर मजदूरी का काम करता था। विवाद के दौरान महिला के सिर पर वार कर उसकी हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामला थाना कुसमी के अपराध क्रमांक 65/2026 से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार 4 जुलाई 2026 को संतोषी बरगाह निवासी धानापारा, कुसमी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी मां सरस्वती बरगाह पिछले एक वर्ष से सिंचाई कॉलोनी कुसमी स्थित अपने घर में अकेली रहती थीं। 4 जुलाई की सुबह संतोषी अपनी मां से मिलने सिंचाई कॉलोनी पहुंची। घर के दरवाजे पर बाहर से सिकड़ी लगी हुई थी। सिकड़ी खोलकर अंदर जाने पर उसकी मां सरस्वती बरगाह खून से लथपथ हालत में दरवाजे के सामने पड़ी मिलीं। उनके सिर में चोट लगी थी और उनकी मौत हो चुकी थी।

रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सरस्वती बरगाह की मौत सिर पर गंभीर चोट लगने से हत्या के कारण होना पाया गया। इसके बाद थाना कुसमी में धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के परिजनों, गवाहों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान मृतका के परिचित रतन नगेशिया के घटना के बाद से गायब होने पर पुलिस का संदेह उस पर गया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 13 अगस्त 2026 को रतन नगेशिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह कुसमी में रहकर मजदूरी का काम करता था और पिछले 7-8 महीने से सरस्वती बरगाह को जानता था। सरस्वती अकेली रहती थीं और दोनों के बीच पति-पत्नी जैसा संबंध बन गया था। आरोपी के अनुसार शराब पीने के कारण दोनों के बीच कई बार विवाद होता था।

पुलिस के अनुसार घटना से कुछ समय पहले सरस्वती ने रतन से दूरी बनाना शुरू कर दी थी। 2 जुलाई 2026 की शाम दोनों के बीच कमरे में विवाद हुआ। इसी दौरान गुस्से में रतन नगेशिया ने सरस्वती के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने कमरे को बाहर से बंद कर दिया और वहां से भाग गया। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल कथित हथियार और घटना के दौरान पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रतन नगेशिया पिता गोदा उर्फ गोपाल, निवासी गढ़हाडीह, थाना शंकरगढ़, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के रूप में हुई है। कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलरामपुर और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कुसमी के निर्देशन में थाना कुसमी पुलिस की भूमिका रही। आरोपी को 13 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।