बीएसपी स्क्रैप चोरी गिरोह पर दुर्ग पुलिस का शिकंजा, दो और आरोपी गिरफ्तार

फ्लू डस्ट की आड़ में करोड़ों का लौह स्क्रैप चोरी करने वाले रैकेट पर लगातार कार्रवाई, अब तक 15 आरोपी गिरफ्तार, ₹3.22 करोड़ की संपत्ति जब्त

बीएसपी स्क्रैप चोरी गिरोह पर दुर्ग पुलिस का शिकंजा, दो और आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में संगठित तरीके से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नई गिरफ्तारी के बाद इस प्रकरण में अब तक कुल 15 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना पर ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स में छापेमारी की गई थी। जांच के दौरान हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ बड़ी मात्रा में लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री मिली। परिसर में करीब 250 टन लौह स्क्रैप अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से संग्रहित पाया गया।

विवेचना में खुलासा हुआ कि पिछले चार से पांच महीनों से एक संगठित गिरोह बीएसपी से निकलने वाले फ्लू डस्ट के साथ लौह स्क्रैप चोरी कर उसे ए.के. ट्रेडर्स में जमा कर रहा था। बाद में इस स्क्रैप को बेचकर अवैध आर्थिक लाभ कमाया जा रहा था।

इस कार्रवाई में पुलिस ने पहले ही बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप, हाईवा, ट्रक, जेसीबी, हाईड्रा, टाटा वाहन और स्क्रैप छंटाई में इस्तेमाल होने वाली मशीनें जब्त की थीं। जब्त की गई संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये आंका गया है, जिसमें करीब 90 लाख रुपये मूल्य का लौह स्क्रैप भी शामिल है।

मामले की जांच आगे बढ़ने पर बीएसपी के दो कर्मचारियों हिमांशु भूषण मलिक (54 वर्ष) और मनोज कुमार देवांगन (58 वर्ष) की संलिप्तता सामने आई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

दुर्ग पुलिस का कहना है कि यह संगठित स्क्रैप चोरी का मामला है और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़कर यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल थे। अधिकारियों का कहना है कि मामले में विवेचना जारी है और जैसे-जैसे नए तथ्य सामने आएंगे, आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

जब्त सामग्री :

1. लगभग 250 टन लौह प्लेट, बीम एवं लौह कटिंग सामग्री।
2. हाईवा वाहन क्रमांक CG 04 QT 8797।
3. ट्रक क्रमांक CG 10 R 2004।
4. हाईवा वाहन क्रमांक CG 08 AW 1475।
5. ट्रक क्रमांक CG 07 MB 2455।
6. टाटा 1109 वाहन क्रमांक CG 07 CA 6977।
7. टाटा एस वाहन क्रमांक CG 04 JB 9616।
8. जेसीबी वाहन क्रमांक CG 08 AY 8496।
9. हाईड्रा वाहन क्रमांक CG 07 CW 8063।
10. चेन माउंटिंग मशीन एवं डस्ट छानने हेतु प्रयुक्त 05 लोहे की मशीनें।
11. कुल जप्ती मूल्य लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये।