4 किलो से ज्यादा गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, करीब 2 लाख रुपये का गांजा, एक्टिवा और बिक्री की रकम जब्त

4 किलो से ज्यादा गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, करीब 2 लाख रुपये का गांजा, एक्टिवा और बिक्री की रकम जब्त

भिलाई। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खुर्सीपार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलो 198 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये कीमत का गांजा, एक एक्टिवा वाहन और बिक्री की 300 रुपये की नकदी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 30 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर रोड स्थित बिहारी मोहल्ला के सामने नहर पार क्षेत्र में एक युवक गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान हरिशंकर यादव उर्फ जुगनु यादव (24 वर्ष) निवासी दुर्गा मंदिर के पास, खुर्सीपार के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से बिक्री के लिए रखा गया 4 किलो 198 ग्राम गांजा, 300 रुपये नकद और एक एक्टिवा वाहन बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) एवं 27ए के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।