15 परिवारों को मिला अपने घर का सपना, लॉटरी से हुआ पीएम आवास का आवंटन
दुर्ग निगम ने पारदर्शी प्रक्रिया से किए आवास आवंटित, महापौर अलका बाघमार ने सौंपे अलॉटमेंट पत्र

दुर्ग। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपने घर का सपना देख रहे 15 हितग्राहियों को बुधवार को बड़ी सौगात मिली। नगर पालिक निगम दुर्ग ने सरस्वती नगर, मां कर्मा बोरसी और गोकुल नगर में निर्मित आवासों का पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से आवंटन किया। निगम द्वारा एएचपी (अफोर्डेबल हाउसिंग इन पार्टनरशिप) घटक के तहत बनाए गए इन आवासों को आकर्षक एवं किफायती दरों पर उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना को लेकर नागरिकों में उत्साह बना हुआ है और बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हो रहे हैं।

इस माह प्राप्त आवेदनों के आधार पर गोकुल नगर के 1, सरस्वती नगर के 9 तथा मां कर्मा बोरसी के 5 आवासों के लिए कुल 15 हितग्राहियों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया गया। आवास आवंटन प्रक्रिया महापौर अलका बाघमार की उपस्थिति में संपन्न हुई। महापौर ने एमआईसी सदस्य देव नारायण चंद्राकर, पार्षद सरिता चंद्राकर तथा कार्यपालन अभियंता विनिता वर्मा की मौजूदगी में हितग्राहियों को आवंटन पत्र सौंपे। लॉटरी प्रक्रिया की खास बात यह रही कि प्रत्येक हितग्राही ने स्वयं पर्ची निकालकर अपने आवास का चयन किया। इससे पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित हुई।

निगम प्रशासन के अनुसार आवास की पूरी राशि जमा करने के बाद हितग्राहियों को आधिपत्य पत्र प्रदान किया जाएगा। वहीं महापौर ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटित मकानों में केवल पात्र हितग्राही ही निवास करेंगे। यदि कोई व्यक्ति आवास को किराये पर देता हुआ पाया गया तो उसका आवंटन निरस्त कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में निगम के अधिकारी, कर्मचारी और योजना से जुड़े पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
