घोरारी में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 153 पौवा शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

श्मशान घाट के पास बिक्री की तैयारी कर रहा था आरोपी, रानीतराई पुलिस ने शराब और नकदी जब्त कर भेजा जेल

घोरारी में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 153 पौवा शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में रानीतराई थाना पुलिस ने ग्राम घोरारी में अवैध शराब बिक्री की तैयारी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम घोरारी के श्मशान घाट के पास एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में शराब रखकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नौगेन्द्र बंजारे (45 वर्ष) निवासी ग्राम घोरारी, थाना रानीतराई बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक बोरी में रखी बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 88 पौवा देशी प्लेन मदिरा, 42 पौवा देशी शोले मसाला मदिरा और 23 पौवा अंग्रेजी गोवा शराब सहित कुल 153 पौवा शराब जब्त की। इसके अलावा बिक्री से प्राप्त 700 रुपये नकद भी बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 14,700 रुपये बताई गई है।

पूछताछ में आरोपी ने अवैध शराब बिक्री करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को 24 जून 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जप्त सामग्री:

  • 88 पौवा देशी प्लेन मदिरा (180 एमएल)
  • 42 पौवा देशी शोले मसाला मदिरा (180 एमएल)
  • 23 पौवा अंग्रेजी गोवा शराब
  • ₹700 नकद बिक्री रकम
  • कुल जप्ती मूल्य लगभग ₹14,700