पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज मार्कंडेय काटजू ने बनाई 'इश्क करो पार्टी', युवाओं से जुड़ने की अपील

पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज मार्कंडेय काटजू ने बनाई 'इश्क करो पार्टी', युवाओं से जुड़ने की अपील

नई दिल्ली। देश की राजनीति और सोशल मीडिया में अपने बेबाक बयानों के लिए चर्चित पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज मार्कंडेय काटजू  एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह कोई कानूनी टिप्पणी नहीं, बल्कि उनकी नई राजनीतिक पहल है। मार्कंडेय काटजू ने "इश्क करो पार्टी" नाम से एक नए संगठन की घोषणा की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने युवाओं से इस पार्टी से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य "मेक लव, नॉट वॉर" यानी प्यार और भाईचारे का संदेश फैलाना है।

काटजू ने खुद को इस पार्टी का संरक्षक बताया है और इच्छुक लोगों से ईमेल के जरिए संपर्क करने को कहा है। उनके अनुसार, यह संगठन नफरत, टकराव और विभाजन की राजनीति के खिलाफ प्रेम, सद्भाव और इंसानी रिश्तों को मजबूत करने के लिए बनाया गया है।

हालांकि अब तक पार्टी का कोई औपचारिक घोषणापत्र सामने नहीं आया है, लेकिन "मेक लव, नॉट वॉर" को इसका मुख्य संदेश बताया जा रहा है। काटजू की इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे एक सकारात्मक सामाजिक संदेश बता रहे हैं, तो कुछ इसे लेकर मजाकिया टिप्पणियां भी कर रहे हैं। अब देखना होगा कि इश्क करो पार्टी केवल एक सामाजिक अभियान बनकर रह जाती है या आने वाले समय में यह राजनीतिक रूप से भी सक्रिय भूमिका निभाती है।