पुलिस विभाग के 4 कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति पर सम्मानपूर्वक विदाई

दुर्ग। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, दुर्ग में रविवार को पुलिस विभाग में लंबे समय तक सराहनीय सेवाएं देने वाले चार कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने पर विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सुखद, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में उप निरीक्षक श्रीमती आशा वैष्णव, सहायक उप निरीक्षक राजेश सिंह, प्रधान आरक्षक (चालक) बलराम टंडन और प्रधान आरक्षक यशवंत देवांगन शामिल रहे। समारोह में उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने कहा कि सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने सेवा काल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए पुलिस विभाग की गरिमा बढ़ाई है। उनके योगदान को विभाग हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों का अनुभव युवा पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भी अपने सेवा अनुभव साझा किए और पुलिस विभाग तथा सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक, विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी ने सेवानिवृत्त साथियों को भावभीनी विदाई दी।
