पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सेक्टर-6 पेट्रोल पंप के सामने जमकर नारेबाजी
भिलाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार को घेरा, कहा— महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी

भिलाई नगर में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी और भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्रमांक 4 द्वारा सेक्टर-6 स्थित पेट्रोल पंप के सामने विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़ी हुई पेट्रोल-डीजल की कीमतें तत्काल वापस लेने की मांग की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्रमांक 4 के अध्यक्ष सौरभ दत्ता ने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ने से सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्गीय और आम परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ईंधन महंगा होने का सीधा असर रोजमर्रा की जरूरत की चीजों पर दिखाई दे रहा है। परिवहन खर्च बढ़ने से फल, सब्जियां, राशन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं। सौरभ दत्ता ने कहा कि महंगाई ने आम जनता की आर्थिक स्थिति को प्रभावित किया है और कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़कों पर उतर रही है।

वहीं पार्षद एवं एमआईसी सदस्य साकेत चंद्राकर ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के साथ मिलकर बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। साकेत चंद्राकर ने हाल ही में पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा और इस स्थिति के लिए सरकार जिम्मेदार है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर विरोध जताया और केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत देने की मांग की।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ दत्ता, पार्षद एवं एमआईसी सदस्य साकेत चंद्राकर, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जी. याकूब, जिला कांग्रेस कमेटी के तोषु वर्मा, शिखा राय, मंडल अध्यक्ष राहुल शर्मा, राजू रजक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
