उर्स में सुरक्षा के बीच पुलिस का बड़ा एक्शन, 7 युवकों के पास मिले धारदार हथियार

उर्स में सुरक्षा के बीच पुलिस का बड़ा एक्शन, 7 युवकों के पास मिले धारदार हथियार

दुर्ग में आयोजित उर्स कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए अवैध धारदार हथियार लेकर घूम रहे 7 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है।

भीड़भाड़ और सुरक्षा को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने सिटी कोतवाली, मोहन नगर और पदमनाभपुर थाना क्षेत्र में संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध लोगों की तलाशी ली गई, जिसमें कई युवकों के पास से धारदार हथियार बरामद हुए।

पुलिस के मुताबिक उर्स कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी थी। ऐसे में कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कार्यक्रम स्थल और आसपास लगातार पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर कई युवकों को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान कुल 7 युवकों के पास से अवैध धारदार हथियार बरामद किए गए। सभी के खिलाफ अलग-अलग थानों में आयुध अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने ऋषि यादव, तुषार अग्रवाल और शेखर नामदेव के खिलाफ कार्रवाई की है। वहीं मोहन नगर थाना पुलिस ने मोहम्मद अबरार और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पदमनाभपुर थाना क्षेत्र में गुरप्रीत सिंह और विक्की गायकवाड़ के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 7 धारदार हथियार जब्त किए हैं।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी भीड़भाड़ वाले कार्यक्रम में हथियार लेकर घूम रहे थे, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बन सकता था।

दुर्ग पुलिस ने कहा कि उर्स कार्यक्रम के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखना प्राथमिकता थी।

इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग और एसडीओपी पाटन के नेतृत्व में कई थाना पुलिस और एसएएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया।