लाखों रुपए के गांजा समेत खुर्सीपार में युवक गिरफ्तार

लाखों रुपए के गांजा समेत खुर्सीपार में युवक गिरफ्तार

भिलाई। खुर्सीपार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.200 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 1.60 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार 30 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि देवार बस्ती स्थित पुराने शराब भट्टी के खंडहर मकान के पास एक युवक गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास प्लास्टिक पैकेटों में रखा कुल 3.200 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब 1,69,550 रुपये बताई गई है।

पूछताछ में आरोपी की पहचान हीरा सिंह (18 वर्ष), निवासी बोल बम चौक, कैनाल रोड, खुर्सीपार के रूप में हुई। उसके खिलाफ धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।