नो-पार्किंग पर सख्ती, 87 वाहन चालकों पर कार्रवाई

व्यस्त मार्गों पर चला विशेष अभियान, 2026 में अब तक 2171 पर कार्रवाई

नो-पार्किंग पर सख्ती, 87 वाहन चालकों पर कार्रवाई

दुर्ग। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने नो-पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की है। इस दौरान अवैध रूप से खड़े 87 वाहनों पर ई-चालान जारी किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में शहर के प्रमुख और व्यस्त इलाकों को चिन्हित कर निगरानी बढ़ाई गई। खासतौर पर राजेन्द्र प्रसाद चौक से ग्रीन चौक और इंदिरा मार्केट क्षेत्र, मालवीय नगर चौक से कमिश्नर कार्यालय के सामने तक, कुम्हारी से गुरुद्वारा चौक मार्ग और ब्रिज के नीचे खड़े वाहनों पर कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस की टीम ने मौके पर खड़े वाहनों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत ई-चालान किया। पुलिस का कहना है कि नो-पार्किंग में खड़े वाहन न सिर्फ यातायात बाधित करते हैं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाते हैं।

आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2026 में अब तक जिले में नो-पार्किंग उल्लंघन के तहत 2171 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की जा चुकी है। इससे साफ है कि नियमों के पालन को लेकर लगातार सख्ती बरती जा रही है। यातायात पुलिस ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आम लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें, ताकि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनी रहे और अनावश्यक जाम की स्थिति न बने।