अवैध प्लाटिंग पर चला निगम का बुलडोजर

अवैध प्लाटिंग पर चला निगम का बुलडोजर

भिलाईनगर। शहर को कब्जा मुक्त और व्यवस्थित बनाने के अभियान के तहत नगर पालिक निगम भिलाई ने अवैध प्लाटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। जोन-2 वैशाली नगर क्षेत्र में निगम की टीम ने अवैध रूप से बनाई गई बाउण्ड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन और स्थानीय नागरिकों से मिली सूचना के आधार पर की गई। निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर राजस्व विभाग और बेदखली टीम ने वार्ड क्रमांक 20 स्थित बाबादीप सिंह नगर क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई की।

जांच के दौरान पाया गया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा खाली जमीन पर बाउण्ड्रीवाल बनाकर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। जमीन पर मुरूम डालकर प्लॉट काटे गए थे और उन्हें बेचने की तैयारी चल रही थी। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से बाउण्ड्रीवाल को तोड़ा और वहां मौजूद सामग्री जब्त कर ली।

निगम प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि बिना वैध दस्तावेज किसी भी जमीन की खरीद-फरोख्त न करें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत निगम को दें।