अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, 5 आरोपी गिरफ्तार, लाखों का माल जब्त

अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, 5 आरोपी गिरफ्तार, लाखों का माल जब्त

दुर्ग। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत नंदिनी नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 134 पौवा देशी शराब और 3 मोटर सायकल जब्त की है, जिसकी कुल कीमत 1,03,400 रुपये आंकी गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक 14 और 15 अप्रैल को पुलिस को मुखबिर से अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली थी। इस पर तत्काल टीम बनाकर अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी की गई।

सबसे पहले बीएसपी मेनगेट अहिवारा रोड के पास एक आरोपी को 42 पौवा शराब के साथ पकड़ा गया। इसके बाद पथरिया रोड के ग्राम पाटिया तिराहा में दो आरोपियों को 60 पौवा शराब सहित गिरफ्तार किया गया। वहीं तीसरी कार्रवाई में अन्य दो आरोपियों को 32 पौवा शराब के साथ दबोचा गया।

पुलिस ने तीनों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी अवैध मुनाफा कमाने के लिए शराब का परिवहन और बिक्री कर रहे थे।

आरोपी का नाम :

1. मुंशी राम पारधी, उम्र 50 वर्ष, निवासी घटियाखुर्द

2. राजेन्द्र पाल, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम खमतराई थाना बेरला

3. संदीप वर्मा, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम खमतराई थाना बेरला

4. देवा बांधे, उम्र 51 वर्ष, निवासी ग्राम भरनी थाना धमधा

5. जागेश्वर गायकवाड, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम ओटेबंद थाना नंदिनी नगर