दुर्ग में गैस, पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं: कलेक्टर बोले घबराने की जरूरत नहीं, सिलेंडर नहीं मिलने पर टोल फ्री नंबर पर करें शिकायत

दुर्ग में गैस, पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं: कलेक्टर बोले घबराने की जरूरत नहीं, सिलेंडर नहीं मिलने पर टोल फ्री नंबर पर करें शिकायत

दुर्ग। जिले में घरेलू एलपीजी गैस और पेट्रोल-डीजल की कमी की खबरों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति साफ कर दी है। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा है कि जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आम लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने ऑयल कंपनियों के अधिकारियों, गैस एजेंसियों और डिस्ट्रीब्यूटरों के साथ आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले के सभी एलपीजी वितरकों के पास पर्याप्त गैस स्टॉक मौजूद है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।

प्रशासन के अनुसार, उज्ज्वला योजना के कनेक्शन को मिलाकर दुर्ग जिले में लगभग 4 लाख गैस कनेक्शन हैं। फिलहाल हर दिन करीब 9750 गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को नियमित सप्लाई मिल रही है।

बैठक में यह भी बताया गया कि फिलहाल कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर केवल अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसे अत्यावश्यक संस्थानों को ही सप्लाई किए जा रहे हैं। वहीं जिले में पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति सुचारू रूप से चल रही है।

जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि जिन लोगों का ई-केवाईसी नहीं हुआ है, वे अपनी गैस एजेंसी में जाकर जल्द प्रक्रिया पूरी कर लें। फेस स्कैन और अंगूठे के सत्यापन से यह प्रक्रिया लगभग एक मिनट में पूरी हो जाती है।

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि त्योहार के बाद बुकिंग बढ़ने के कारण कुछ स्थानों पर थोड़ी प्रतीक्षा हो सकती है, लेकिन गैस की आपूर्ति नियमित रूप से जारी है।

आपूर्ति से जुड़ी किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1800-233-3555 पर संपर्क कर सकते हैं।