लाल सिग्नल तोड़ नशे में चला रहा था कार, फर्जी प्रेस कार्ड दिखाकर बचने की कोशिश नाकाम

लाल सिग्नल तोड़ नशे में चला रहा था कार, फर्जी प्रेस कार्ड दिखाकर बचने की कोशिश नाकाम

दुर्ग। यातायात पुलिस ने नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक कार चालक को पकड़ा, जो लाल सिग्नल तोड़कर अनाधिकृत हूटर बजाते हुए आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा था। मामला 3 फरवरी का है, जब नेहरू नगर चौक पर नियमित पेट्रोलिंग के दौरान टीम ने स्विफ्ट कार को रोका।

पुलिस के अनुसार चालक ने लाल सिग्नल होने के बावजूद हूटर बजाकर सिग्नल क्रॉस करने का प्रयास किया। रोककर पूछताछ की गई तो उसका व्यवहार संदिग्ध लगा। ब्रीथ एनालाइजर से जांच करने पर वह नशे की हालत में वाहन चलाते पाया गया। जांच के दौरान चालक ने खुद को पत्रकार बताते हुए प्रेस कार्ड दिखाकर कार्रवाई रोकने का दबाव बनाया। हालांकि पहचान पत्र की जांच में वह फर्जी निकला। पुलिस ने किसी भी दबाव को दरकिनार करते हुए विधिसम्मत कार्रवाई की।

यातायात पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 (नशे में वाहन चलाना), 184 (खतरनाक ड्राइविंग) और 119(3) (अनाधिकृत हूटर/सायरन का उपयोग) के तहत चालानी कार्रवाई की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती जारी रहेगी, चाहे वे किसी भी पहचान का दावा क्यों न करें।