मामूली विवाद पर 17 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या, दो आरोपी फरार

मामूली विवाद पर 17 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या, दो आरोपी फरार
गोली मारने वाले फरार दो आरोपी

बिलासपुर। किराना दुकान में गुटखा खरीदने गए युवक ने 17 वर्षीय लड़ने को गोली मार कर हत्या कर दी और फरार हो गया। बताया जाता है कि दो युवक किराना व्यापारी लड़के की दुकान फर गुटखा लेने आए थे, जहां पैसे के लेनदेन पर उनसे झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने पिस्टल निकाल कर फायरिंग कर दिया। गंभीर रूप से घायल लड़के को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार पचपेड़ी क्षेत्र के मानिकचौरी निवासी मंगतूराम अजय (43 वर्ष) किराना दुकान चलाता है। घर में उसकी पत्नी सरोजनी (39 वर्ष) अनिश अजय (17 वर्ष) और नेहा अजय (12वर्ष) रहते हैं। रविवार की रात करीब 8.30 बजे मंगतूराम घर में खाना खा रहा था। तभी गांव के ही दो युवक भूपेंद्र पोर्ते और नंदकिशोर साहू गुटखा लेने पहुंचे। आवाज देने पर मंगतूराम ने अपने लड़के अनिश को गुटखा देने के लिए बोला। गुटखा देने के बाद पैसे देने के बजाए दोनों युवक रौब दिखाने लगे तो अनिश से झगड़ा शुरू हो गया।
पैसे नहीं देने पर जब झगड़ा शुरू हुआ, तब मंगतूराम उसकी पत्नी और बेटी भी बाहर निकल गए। इस दौरान मंगतूराम ने बीच-बचाव किया, तब आरोपियों ने ईंट से हमला कर दिया। इसके बाद उसकी पत्नी और बेटी भी विवाद में आ गए। इस हमले में मंगतूराम, उसकी पत्नी और बेटी भी घायल हो गए। झगड़ा बढ़ने पर मंगतूराम का परिवार दोनों युवकों पर हावी होने लगा, तब एक युवक ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दिया, जिससे गोली अनिश के पेट में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायलों को तत्काल मस्तूरी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही अनिश की मौत हो गई। वहीं, मंगतूराम, उसकी पत्नी और बेटी को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।