छत्तीसगढ़ में भाजपा पार्षद को बंधक बनाकर 5 करोड़ रुपये के गहनों और 7 लाख रुपये की नकदी लूट, महिला सहित 6 डैकैत गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों पर झारखंड में 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित है

छत्तीसगढ़ में भाजपा पार्षद को बंधक बनाकर 5 करोड़ रुपये के गहनों और 7 लाख रुपये की नकदी लूट, महिला सहित 6 डैकैत गिरफ्तार

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा पार्षद को बंधक बनाकर 5 करोड़ रुपये के गहनों और 7 लाख रुपये की नकदी लूट मामले में पुलिस ने महिला सहित 6 डैकैत को गिरफ्तार किया है। यह लूट झारखंड के ‘बुकिंग सोनी’ गिरोह द्वारा की गई थी, जिन्होंने कुछ गहनों को एक ज्वेलर को बेच दिया और बाकी को पिघला दिया। पुलिस ने लूट के गहने बरामद कर लिए हैं। मुख्य आरोपी मोनू सोनी, उसके भाई सोनू सोनी और मामा अरविंद सोनी को पुलिस ने दिल्ली के पहाड़गंज से गिरफ्तार किया। ये सभी वारदात के बाद दिल्ली में छिपे हुए थे। लूट के सोने को सोनू की गर्लफ्रेंड अंजलि के पास मोहाली में छिपाया गया था।

गिरोह ने पहले राजेश ज्वेलर्स की रेकी की थी और फिर लूट के बाद बरवाडीह रेलवे स्टेशन पर अन्य आरोपियों के साथ लूट का बंटवारा किया। मोनू और सोनू ने अपने मामा के सहयोग से सोने को चैनपुर में पिघला दिया और फिर दिल्ली भाग गए। इन आरोपियों पर पहले भी विभिन्न लूट और डकैती के मामले दर्ज हैं, और रांची पुलिस ने भी उन पर इनाम घोषित किया है।

 घटना 11 सितंबर को रामानुजगंज नगर पालिका चौक स्थित राजेश ज्वेलर्स में दोपहर 1:50 बजे हुई थी, जब तीन हथियारबंद बदमाशों ने लूट को अंजाम दिया। बदमाशों ने ज्वेलरी शोरूम के संचालक राजेश सोनी (भाजपा पार्षद), दो ग्राहकों और कर्मचारियों को बंधक बना लिया। उसके बाद 5 किलो सोना और नकदी लेकर बाइक से झारखंड की ओर फरार हो गए। लुटेरों ने राजेश सोनी पर हमला भी किया, जिससे वे घायल हो गए थे। अगले दिन, लूट में इस्तेमाल की गई एक बाइक और मोबाइल झारखंड के रंकाकला में बरामद हुए।

पुलिस ने CCTV फुटेज के जरिए दो मुख्य आरोपियों की पहचान की, जिनमें मोनू सोनी उर्फ बुकिंग और राहुल कुमार मेहता शामिल हैं। इसके बाद पुलिस ने झारखंड के विभिन्न स्थानों पर 8 टीमें भेजकर छापेमारी की। गिरफ्तार आरोपियों पर झारखंड में 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। इनके साथ-साथ सोनू की गर्लफ्रेंड अंजलि और उसके मामा को भी गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने अंजलि के घर से 3.354 किलो सोना और 7.280 किलो चांदी बरामद की है। अन्य आरोपियों से एक बोलेरो, दो रेसिंग बाइक, दो पिस्टल और दो बैंक खातों में जमा 5.80 लाख रुपये को भी सीज किया गया है।