मुठभेड़ में मारे गए पांच नक्सलियों पर था 8-8 लाख रुपए का इनाम, SP ने किया खुलासा

मुठभेड़ में मारे गए पांच नक्सलियों पर था 8-8 लाख रुपए का इनाम, SP ने किया खुलासा

दंतेवाड़ा। नारायणपुर के कोहकामेटा थाना क्षेत्र के हिकुलनार और घमण्डी के बीच पुलिस व नक्सलियों के बीच मुठभेड़  में मारे गए पांच नक्सलियों की शिनाख्त हो गई है। सभी नक्सली लीडरों पर राज्य शासन द्वारा 8-8 लाख रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।

पुलिस अधीक्षक नारायणपुर प्रभात कुमार ने बताया कि संयुक्त सुरक्षा बलों द्वारा विगत 72 घंटे तक नक्सली उन्मूलन अभियान चलाया गया। इसमें डीआरजी, एसटीएफ, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल आईटीबीपी और बीएसएफ के जवान शामिल थे। पुलिस के मैराथन अभियान के दौरान पुलिस और नक्सलियों में मुठभेड़ हुई। इसमें पांच सशस्त्र नक्सलियों को मार गिराया गया।

उपमहानिरीक्षक कांकेर रेंज केएल ध्रुव और पुलिस अधीक्षक नारायणपुर प्रभात कुमार ने बताया कि पीएलजीए कंपनी - 1 सीसी प्रोटेक्शन टीम मेंबर, राकेश (35 वर्ष), एडम वड्डे (40 वर्ष), कोंडा तोगड़ा (35 वर्ष), कमलू वड्डे (40 वर्ष) और फरसा तुमड़ा (30 वर्ष) को मार गिराया गया। उक्त सभी नक्सली लीडरों पर राज्य शासन द्वारा 8 -8 लाख रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।