धमधा रोड सब्जी मंडी के पास हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाला गिरफ्तार

मोहन नगर पुलिस की घेराबंदी में पकड़ाया आरोपी, कब्जे से धारदार लोहे का हथियार बरामद; आर्म्स एक्ट में भेजा जेल

धमधा रोड सब्जी मंडी के पास हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाला गिरफ्तार

दुर्ग। धमधा रोड स्थित सब्जी मंडी के पास सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने वाले युवक को मोहन नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लोहे का धारदार हथियार बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार 4 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि धमधा रोड सब्जी मंडी के पास एक व्यक्ति धारदार हथियार लेकर आम लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए मोहन नगर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आसपास घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान आशिष यादव उर्फ आशु (26 वर्ष), निवासी लुचकी पारा वार्ड क्रमांक 7, थाना दुर्ग, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से लोहे का एक धारदार हथियार बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 500 रुपए बताई गई है।

आर्म्स एक्ट में अपराध दर्ज

पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 624/2026 दर्ज किया। आरोपी के विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद उसे विधिवत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर फैला रहा था डर

पुलिस के मुताबिक आरोपी सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार अपने पास रखकर आम लोगों में भय का माहौल पैदा करने का प्रयास कर रहा था। समय रहते मिली मुखबिर सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हथियार समेत पकड़ लिया। मोहन नगर पुलिस की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने और लोगों को डराने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस की सख्ती का संदेश गया है।