ओखरा रोड हत्याकांड: पुराने विवाद में युवक की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

ओखरा रोड हत्याकांड: पुराने विवाद में युवक की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जामुल थाना क्षेत्र के ओखरा रोड पर पुराने विवाद के चलते हुए हत्याकांड का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को मोतीराम गायकवाड़ (55) ने थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र भीष्म गायकवाड़ सुबह करीब 9 बजे टिफिन लेकर रायपुर के लिए निकला था। लगभग 10:30 बजे सूचना मिली कि ओखरा रोड स्थित बरगद के पेड़ के पास गांव के अरविंद उर्फ लोचन चतुर्वेदी ने विवाद के दौरान उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

घायल भीष्म गायकवाड़ को तत्काल माँ कर्मा अस्पताल, मुरमुंडा ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक रूप से पुलिस ने मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत दर्ज किया था। मृत्यु के बाद मर्ग कायम कर विवेचना के आधार पर हत्या की धारा 103(1) बीएनएस जोड़ दी गई।

पूछताछ में आरोपी गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अरविंद उर्फ लोचन चतुर्वेदी (53), निवासी ग्राम नरधा, थाना जामुल, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार बरामद कर विधिवत जब्त किया गया।

5 अगस्त 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुराने विवाद ने ली जान

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और मृतक के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने अपने पास मौजूद धारदार हथियार से भीष्म गायकवाड़ के पेट और पीठ पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जामुल पुलिस ने वैज्ञानिक एवं विधिसम्मत विवेचना करते हुए हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर ली है। आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।