₹10 हजार के लालच में बने साइबर गैंग के मददगार, 9 म्यूल खाताधारक और एजेंट गिरफ्तार
पुरानी भिलाई पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई, साइबर ठगी की रकम खपाने के लिए बैंक खाते, एटीएम, पासबुक और सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले आरोपी दबोचे गए।

दुर्ग। साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 म्यूल खाताधारकों और एजेंटों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर साइबर अपराधियों को बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड उपलब्ध कराकर ठगी की रकम के लेनदेन में मदद करने का आरोप है।
थाना पुरानी भिलाई में दर्ज अपराध क्रमांक 258/2026 के तहत पुलिस ने धारा 318(2), 318(3) और 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी 2 हजार से 10 हजार रुपये तक के कमीशन के बदले अपने और अन्य लोगों के बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध करा रहे थे।

पुलिस के अनुसार इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी से प्राप्त लाखों रुपये की अवैध रकम को एक खाते से दूसरे खाते में ट्रांसफर कर उसका स्रोत छिपाने के लिए किया जा रहा था। तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के विश्लेषण और अन्य जांच के आधार पर पुरानी भिलाई पुलिस एवं एसीसीयू की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में लक्की खुटेल, भारत गिरी, भोज ठाकुर, चोमन साहू, कमलेश देशलहरे, रमाकांत साहू, आकाश भट्ट, संजय निषाद और मनोज कुमार साहू शामिल हैं। इनमें संजय निषाद और मनोज कुमार साहू एजेंट के रूप में काम कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन तथा बैंकिंग से जुड़े अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक या मोबाइल सिम उपयोग के लिए न दें। ऐसा करना भी अपराध की श्रेणी में आता है और खाताधारक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है। किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में दें।
आरोपी का नाम :
1. लक्की खुटेल, उम्र 22 वर्ष, ग्राम फुंडा, थाना बोरी।
2. भारत गिरी, उम्र 25 वर्ष, गौतम नगर, सुपेला।
3. भोज ठाकुर, उम्र 24 वर्ष, खुर्सीडीह, चौकी नगपुरा, थाना पुलगांव।
4. चोमन साहू, उम्र 27 वर्ष, खुर्सीडीह, चौकी नगपुरा, थाना पुलगांव।
5. कमलेश देशलहरे, उम्र 24 वर्ष, ग्राम फुंडा, थाना बोरी।
6. रमाकांत साहू, उम्र 28 वर्ष, ग्राम मचान्दुर, थाना उतई।
7. आकाश भट्ट, उम्र 22 वर्ष, लक्ष्मी नारायण चौक, अहिवारा, थाना नंदनी नगर।
8. संजय निषाद, उम्र 30 वर्ष, ग्राम दानिया, थाना बोरी (एजेंट)।
9. मनोज कुमार साहू, उम्र 30 वर्ष, ग्राम कुर्सीडीही, चौकी नगपुरा, थाना पुलगांव (एजेंट)।
