चलित थाना और जनसुनवाई से बढ़ा भरोसा, पुलिस ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

कसौली कैंप में जनसुनवाई के साथ खेल प्रतियोगिता का आयोजन, विधायक की मौजूदगी में खिलाड़ियों और ग्रामीणों को किया गया सम्मानित

चलित थाना और जनसुनवाई से बढ़ा भरोसा, पुलिस ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

दंतेवाड़ा। जिले के कसौली कैंप परिसर में पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से चलित थाना और जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उप महानिरीक्षक एवं सेनानी राजेश कुकरेजा तथा पुलिस अधीक्षक गौरव राय के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। 

जनसुनवाई के दौरान गीदम थाना प्रभारी निरीक्षक अमित बेरिया और कैंप प्रभारी घनश्याम सिंह ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की। कार्यक्रम में दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष अविनाश सोनी और कसौली सरपंच शैलेश अटामी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस, ग्रामीणों और स्कूली छात्रों के बीच खेल प्रतियोगिता एवं मैत्री मैच का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को प्रोत्साहित करते हुए विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। सम्मान समारोह में विधायक चैतराम अटामी, थाना प्रभारी अमित बेरिया और कैंप प्रभारी घनश्याम सिंह ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।

कैंप प्रभारी घनश्याम सिंह द्वारा कार्यक्रम में शामिल ग्रामीणों, खिलाड़ियों और आम नागरिकों के लिए स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास, सहयोग और बेहतर संवाद स्थापित करना है। दंतेवाड़ा पुलिस लगातार जनहित के कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों के साथ जुड़कर विश्वास मजबूत करने का प्रयास कर रही है।