पिता की हत्या का खुलासा, बेटा ही निकला कातिल
बोरी पुलिस ने पारिवारिक विवाद में हुई हत्या का किया खुलासा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर 19 वर्षीय आरोपी पुत्र गिरफ्तार

दुर्ग। थाना बोरी क्षेत्र में पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक के बेटे को ही आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर अपने पिता के मृत होने की सूचना दी थी, लेकिन जांच में वही हत्या का दोषी निकला।

पुलिस के अनुसार 17 जून 2026 को ग्राम नवागांव वार्ड क्रमांक 6 निवासी नीलकमल साहू ने थाना बोरी पहुंचकर सूचना दी थी कि उसके पिता कुलेश्वर साहू घर में मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, पंचनामा, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य जुटाए गए। वहीं मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि कुलेश्वर साहू की मौत सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण हुई है और यह हत्या का मामला है।

पुलिस की विस्तृत जांच और पूछताछ में सामने आया कि मृतक और उसके पुत्र नीलकमल साहू के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद के दौरान नीलकमल ने अपने पिता के साथ मारपीट की, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौत हो गई। मर्ग जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर पुलिस ने नीलकमल साहू को आरोपी मानते हुए उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया और गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) एवं 238 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक घटना का मुख्य कारण पारिवारिक विवाद है।
आरोपी:
नीलकमल साहू (19 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 06, ग्राम नवागांव, थाना बोरी, जिला दुर्ग।
