सीएएफ प्रथम बटालियन परिसर में लगा मेगा हेल्थ कैंप, 500 जवानों और परिजनों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी सेवाएं, निःशुल्क जांच और दवाओं का किया गया वितरण




भिलाई। प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) भिलाई परिसर में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। प्रशासनिक भवन में आयोजित इस मेगा मेडिकल हेल्थ चेकअप कैंप में लगभग 500 अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारजनों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। शिविर का आयोजन मेडिशाइन हॉस्पिटल रायपुर के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

शिविर के दौरान सेनानी/डीआईजी राजेश कुकरेजा भापुसे प्रथम सेनानी की विशेष उपस्थिति रही। इसके साथ प्रज्ञा मेश्राम उप सेनानी सातवीं वाहिनी, जयलाल मरकाम सहायक सेनानी, गोरखनाथ सहायक सेनानी तथा श्री मेडिशाइन हास्पिटल रायपुर के पीआरओ बाजपेयी, निलेश सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे। शिविर में मेडिशाइन हास्पिटल रायपुर के वरिष्ठ व अनुभवी विशेषज्ञ डाक्टरों की टीम ने अपनी निःशुल्क सेवाएं प्रदान की। इसके साथ ही एसटीएफ के डाॅक्टर अमित चंद्राकर ने भी विशेष रूप से उपस्थित रहकर शिविर में चिकित्सा सेवाएं और परामर्श प्रदान किया।

जवानों की स्वास्थ्य जांच के लिए शिविर में आधुनिक मशीनों के माध्यम से निःशुल्क जांच एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। ईसीजी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, बीएमडी हड्डियों की मजबूती की जांच की गई। हृदय रोग, हड्डी और जोड़ रोग, पेट एवं लिवर रोग तथा सामान्य मौसमी बीमारियों से संबंधित विशेष परामर्श भी दी गई। शिविर में आए सभी जवानों और उनके परिवार जनों को परीक्षण के उपरांत निःशुल्क आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया।
डीआईजी राजेश कुकरेजा ने बताया कि छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल हमेशा अपने जवानों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के इसी कल्याणकारी दृष्टिकोण के तहत समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता है, ताकि चैबीसों घंटे देश-प्रदेश की सेवा में तैनात रहने वाले हमारे जवान पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त और स्वस्थ रह सकें।
