फर्जी जॉइनिंग लेटर से 16 लाख की ठगी, नौकरी दिलाने का झांसा देने वाला आरोपी गिरफ्तार

शिक्षा, स्वास्थ्य विभाग और बीएसपी में नौकरी दिलाने के नाम पर खेल रहा था बड़ा खेल, 4 लोगों को बनाया शिकार

फर्जी जॉइनिंग लेटर से 16 लाख की ठगी, नौकरी दिलाने का झांसा देने वाला आरोपी गिरफ्तार
आरोपी - सातुम सेम्युल गुज्जर उर्फ आदी, उम्र 34 वर्ष, निवासी एमआईजी 01/84 हुडको भिलाई

भिलाई। नौकरी की तलाश में भटक रहे लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर फर्जी नियुक्ति पत्र बनाने वाला एक शातिर ठग आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। भिलाई नगर थाना पुलिस ने ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और बीएसपी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए।

मामला तब सामने आया जब तितुरडीह निवासी उपासना देशमुख ने 28 अप्रैल 2026 को थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि सातुम सेम्युल गुज्जर उर्फ आदी नाम का व्यक्ति सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाता था। इसके एवज में उसने अलग-अलग समय पर उनसे और अन्य लोगों से बड़ी रकम वसूली।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने कुल 4 लोगों को अपना शिकार बनाया और उनसे 16 लाख 15 हजार रुपये ठग लिए। पैसे लेने के बाद आरोपी ने फर्जी जॉइनिंग लेटर और कूटरचित दस्तावेज थमाकर उन्हें भरोसे में रखा, लेकिन हकीकत में कोई नौकरी नहीं थी।

पुलिस ने मामले में धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी की पहचान कर उसे 29 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि वह लंबे समय से इस तरह की ठगी को अंजाम दे रहा था।

कैसे करता था ठगी

आरोपी लोगों को भरोसे में लेने के लिए इंडियन कॉफी हाउस सेक्टर-09, हुडको भिलाई और रायपुर मंत्रालय जैसे स्थानों पर मुलाकात करता था। खुद को प्रभावशाली बताकर सरकारी विभागों में पहुंच होने का दावा करता और फिर फर्जी दस्तावेज तैयार कर मोटी रकम वसूलता।

क्या-क्या हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी नियुक्ति पत्र, कूटरचित दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य जरूरी कागजात जब्त किए हैं।

आगे की कार्रवाई

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित मामलों और पीड़ितों की तलाश में जुटी है।

▪️आरोपी का नाम :

1. सातुम सेम्युल गुज्जर उर्फ आदी, उम्र 34 वर्ष, निवासी एमआईजी 01/84 हुडको भिलाई।