अस्पताल मैनेजर से 5 लाख की ब्लैकमेलिंग, आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने पकड़ा तो अस्पताल में बीमारी का किया नाटक


भिलाई। छावनी थाना पुलिस ने निजी अस्पताल के मैनेजर को ब्लैकमेल कर 5 लाख रुपए मांगने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेश करने से पहले पुलिस उसे मेडिकल जांच के लिए सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल लेकर पहुंची, जहां आरोपी ने बीमारी का नाटक कर सभी को चौंका दिया।

जानकारी के मुताबिक आरोपी पैदल चलते हुए अस्पताल पहुंचा था और डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे पूरी तरह स्वस्थ बताया। इसके बावजूद बड़ी संख्या में मौजूद पुलिस और मीडिया को देखकर वह अचानक खुद को बीमार बताकर लंबे समय तक बिस्तर पर लेटा रहा। बाद में पुलिस उसे व्हील चेयर में बैठाकर अपने साथ ले गई। इस दौरान उसका पुत्र भी मौके पर मौजूद था।

मामला छावनी थाना क्षेत्र का है, जहां कोहका साकेत नगर निवासी निर्मल सिंह (47), जो एसबीएस हॉस्पिटल पावर हाउस में मैनेजर हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुंदर नगर निवासी गुरूमीत सिंह वाधवा (55) अस्पताल में कैंसर का इलाज कराने आते थे और उन्हें प्रबंधन के निर्देश पर इंजेक्शन मुफ्त में लगाया जाता था।

मैनेजर के अनुसार, एक दिन जरूरी काम का हवाला देकर आरोपी ने इंजेक्शन का बिल मांगा। अस्पताल ने कंपनी रेट के अनुसार बिल तैयार कर दिया, लेकिन आरोपी ने उसका भुगतान नहीं किया। उल्टा उसी बिल को फर्जी बताते हुए उसने मैनेजर को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और 5 लाख रुपए की मांग की।

आरोप है कि आरोपी अस्पताल के चेंबर में पहुंचकर गाली-गलौज करता था और पैसे नहीं देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी देता था। 21 अक्टूबर 2025 को भी वह अस्पताल पहुंचा और मैनेजर को धमकाते हुए आरटीआई लगाने की बात कहकर चला गया। इस दौरान अस्पताल के कई कर्मचारी मौजूद थे और पूरी घटना सीसीटीवी में कैद बताई जा रही है।
पीड़ित ने बताया कि पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। दोबारा आवेदन देने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ चिकित्सा सेवा अधिनियम की धारा 3 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 308 के तहत एफआईआर दर्ज की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
