भिलाई में पहली बार हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त, 1.75 लाख के नशे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पहली बार हाइड्रोपोनिक गांजा जप्त किया है। भिलाई नगर थाना पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, 4 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोरसी रोड स्थित बीज विकास निगम के पास कुछ लोग गांजा बेच रहे हैं और नशा करने की सामग्री भी उपलब्ध करा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से करीब 2 किलो सामान्य गांजा और 2.3 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, हाइड्रोपोनिक गांजा विशेष तकनीक से उगाया जाता है और यह सामान्य गांजा से ज्यादा प्रभावी और महंगा होता है।
इसके अलावा मौके से चिलम, रोलिंग पेपर, लाईटर, सिगरेट, एक मोबाइल फोन और नगदी भी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 75 हजार रुपए आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम साहू (29 वर्ष) और यश विश्वकर्मा (27 वर्ष), दोनों निवासी भिलाई के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धाराओं 20(ख), 27(ए) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हाइड्रोपोनिक गांजा कहां से लाया गया और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
आरोपी का नाम :
1. विक्रम साहू, उम्र 29 वर्ष, निवासी मोंगरा 101 फेस बी, तालपुरी, भिलाई
2. यश विश्वकर्मा, उम्र 27 वर्ष, निवासी एमआईजी 1/982, हुडको, भिलाई, जिला दुर्ग
