शादी का झांसा देकर संबंध बनाने वाला युवक गिरफ्तार, युवती हुई गर्भवती फिर छोड़ा साथ

शादी का झांसा देकर संबंध बनाने वाला युवक गिरफ्तार, युवती हुई गर्भवती फिर छोड़ा साथ

बलरामपुर। थाना शंकरगढ़ क्षेत्र में एक युवती से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और गर्भवती होने के बाद उसे छोड़ देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 28 अक्टूबर 2025 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसके रिश्ते के मामा ने बताया कि उसके लिए एक लड़का देखा गया है। नाम अजय रवि, जो सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चन्दरेली का रहने वाला है।

3 नवंबर 2024 को आरोपी अजय रवि पीड़िता के घर आया और शादी का वादा किया। इसके बाद 5 नवंबर 2024 की रात उसने पीड़िता से शारीरिक संबंध बनाया। करीब छह से सात महीने तक आरोपी पीड़िता के घर में रहा और कई बार संबंध बनाए। इसी दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई।

पीड़िता ने बताया कि चार-पांच महीने पहले अजय रवि शादी से मुकर गया और घर छोड़कर भाग गया। उसने यह भी कहा कि गर्भ में पल रहा बच्चा उसका नहीं है और बाद में किसी अन्य लड़की से शादी कर ली।

मामले की शिकायत पर थाना शंकरगढ़ में अपराध क्रमांक 149/2025 धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ आरोप सही पाए गए। पुलिस ने आरोपी अजय रवि पिता हीरासाय (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को 29 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।