पत्नी की आत्महत्या मामले में पति और सास को जेल, ननद-जेठानी की जल्द होगी गिरफ्तारी

पत्नी की आत्महत्या मामले में पति और सास को जेल, ननद-जेठानी की जल्द होगी गिरफ्तारी

कवर्धा। कोतवाली थाना कवर्धा क्षेत्र के ग्राम दानी घटोली में जहरीली दवा पीने से एक विवाहिता की मौत हो गई थी। आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में मृतका के पति और सास को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। मामले में मृतका की ननद और जेठानी की भी जल्द ही गिरफ्तारी होगी। 
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना दिसंबर 2022 की है। मृतका दयाबती उर्फ देववती (24) का विवाद दानीघटोली निवासी संतोष कौशिक के साथ अप्रैल 2017 में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही आरोपी पति और उसके ससुराल वाले दहेज के लिए उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। तंग आकर देववती ने दिसंबर 2022 में जहरीली दवा पी ली थी। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता फागूराम कौशिक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी संतोष, उसकी मां जानी बाई, ननद लक्ष्मी बाई और जेठानी संतोषी बाई के खिलाफ धारा 304(बी), 34 के तहत अपराध दर्ज किया है। जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम हुआ था। बिसरा प्रिजर्व कर इसे जांच के लिए एफएसएल प्रयोगशाला (फारेंसिक लैब) रायपुर भेजा गया था। रासायनिक जांच में एलुमिनियम फास्फाइड से देववती की मौत का पता चला। फारेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पति व सास को गिरफ्तार किया है। वहीं ननद और जेठानी की जल्द ही गिरफ्तारी करने की बात कही जा रही है।