अलग-अलग दुर्घटनाओं में घायल दो लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाया, डायल-112 टीम की त्वरित कार्रवाई

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस की नेक्स्ट जेन CG Dial-112 सेवा ने शनिवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराकर अपनी त्वरित कार्यशैली का परिचय दिया। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को प्राथमिक सहायता देने के बाद जिला अस्पताल, नारायणपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
पहली घटना दोपहर करीब 2 बजे थाना भरंडा क्षेत्र के ग्राम खोड़गांव की है। डायल-112 को सूचना मिली कि मुख्य मार्ग पर एक व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल होकर पड़ा है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। इस कार्रवाई में डीएसएफ आरक्षक महेंद्र नाग और वाहन चालक दिनेश पटेल की अहम भूमिका रही।
दूसरी घटना शाम करीब 5 बजे सिंगोड़ीतराई-गुदरीपारा मार्ग पर थाना कोतवाली परिसर के पास हुई, जहां एक युवक सड़क हादसे में घायल हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल को प्राथमिक उपचार दिया और शासकीय वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया। इस कार्रवाई में आरक्षक ज्ञानदास खांडे, डीसीएफ आरक्षक अर्जुन सलाम और वाहन चालक दिनेश पटेल की सक्रिय भूमिका रही।
नारायणपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना या किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत नेक्स्ट जेन CG Dial-112 पर दें। समय पर दी गई सूचना से घायलों को शीघ्र उपचार मिल सकता है और कई बार किसी की जान भी बचाई जा सकती है।
