पत्नी के प्रेमी की कुल्हाड़ी से हत्या, पति गिरफ्तार
प्रेम-प्रसंग से नाराज पति ने रात में सो रहे युवक के गले पर किया हमला, अस्पताल में उपचार के दौरान मौत, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद


धमतरी। धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने पत्नी के प्रेमी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बाजार कुर्रीडीह निवासी पूर्णिमा सोरी का पिछले करीब एक वर्ष से मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के रहने वाले शंकर सूर्यवंशी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बुधवार शाम शंकर उससे मिलने उसके घर पहुंचा। रात में भोजन के बाद घर में मौजूद सभी लोग एक ही हॉल में सो गए।

गुरुवार तड़के करीब तीन बजे पूर्णिमा के पति योगेंद्र सोरी ने सो रहे शंकर सूर्यवंशी के गले पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शंकर को 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त कर आरोपी योगेंद्र सोरी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी का नाम
नाम: योगेंद्र सोरी
पिता: स्व. रामकृष्ण सोरी
उम्र:38 वर्ष
निवासी: ग्राम - बाजार कुर्रीडीह, स्कूलपारा, थाना केरेगांव, जिला धमतरी(छ.ग.)।
