करगाडीह में सूने मकान में लगी भीषण आग, सारा सामान जलकर खाक

करगाडीह में सूने मकान में लगी भीषण आग, सारा सामान जलकर खाक

दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र के करगाडीह में शुक्रवार देर रात एक सूने मकान में भीषण आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझाए जाने से आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया। जानकारी के अनुसार, करगाडीह निवासी यशवंत यादव के मकान में 29 और 30 मई की दरम्यानी रात करीब 2:30 बजे अचानक आग भड़क उठी। घटना की सूचना तत्काल दुर्ग अग्निशमन कार्यालय को दी गई, जिसके बाद एक दमकल वाहन और अग्निशमन दल को मौके के लिए रवाना किया गया।

मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि मकान से आग की ऊंची लपटें निकल रही थीं। अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और काफी प्रयासों के बाद आग को नियंत्रित कर लिया। अधिकारियों के अनुसार आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है। बताया गया है कि जिस मकान में आग लगी, वहां कोई व्यक्ति निवास नहीं करता था। मकान में रखा घरेलू सामान तथा कुछ वाहन आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गए। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

अग्निशमन विभाग के अनुसार, यदि आग समय पर नियंत्रित नहीं होती तो आसपास के क्षेत्रों में भी नुकसान हो सकता था। टीम की तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में अग्निशमन दल प्रभारी भगवती बंजारे तथा कर्मचारी शैलेंद्र देशमुख, कुलेश्वर, नितिन रामटेके, कुंजेश देशमुख, धनाऊ और उमाशंकर ने संयुक्त रूप से आग बुझाने की कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों ने टीम की त्वरित कार्रवाई और समन्वय की सराहना की है।