सार्वजनिक स्थलों पर शराबखोरी पर सख्ती, 3 दिन में 46 पर कार्रवाई

दुर्ग। जिले में सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और अड्डेबाजी पर लगाम कसने के लिए दुर्ग पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। 11 से 13 अप्रैल के बीच चले इस अभियान में कुल 46 लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस के मुताबिक, यह अभियान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाया गया, ताकि सार्वजनिक स्थलों पर शांति व्यवस्था बनी रहे और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। इस दौरान छावनी थाना क्षेत्र में सबसे अधिक 8 प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि पुलगांव में 7 और नेवई में 6 लोगों पर कार्रवाई की गई।

इसके अलावा नंदिनी नगर और जामुल में 4-4, मोहन नगर और उतई में 3-3, पाटन, वैशाली नगर, भिलाई नगर और पद्मनाभपुर में 2-2 तथा सुपेला, खुर्सीपार और नगपुरा चौकी में 1-1 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भविष्य में भी इसी तरह लगातार निगरानी और सख्ती जारी रहेगी। सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन और अड्डेबाजी जैसी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियों से दूर रहें, ताकि शहर में शांति और व्यवस्था बनी रहे।
