नवविवाहिता की हत्या का खुलासा, पति ने गला घोंटकर की हत्या, सास भी गिरफ्तार

नवविवाहिता की हत्या का खुलासा, पति ने गला घोंटकर की हत्या, सास भी गिरफ्तार

धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी करेलीबड़ी के ग्राम हरदी में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है। पुलिस ने इस अंधे केस का खुलासा करते हुए मृतिका के पति और सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मामला 30 मार्च 2026 का है, जब ग्राम हरदी में एक नवविवाहिता की अचानक मौत की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही करेलीबड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। शुरुआत में मामला सामान्य मौत जैसा दिखाने की कोशिश की गई, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों ने पुलिस को संदेह में डाल दिया।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मर्ग कायम कर विस्तृत विवेचना शुरू की। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया, गवाहों के बयान दर्ज किए गए और वैज्ञानिक साक्ष्यों को जुटाया गया। इसी दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ, जिसमें नवविवाहिता की मौत का कारण श्वास अवरुद्ध यानी गला घोंटना पाया गया। रिपोर्ट में मौत की प्रकृति स्पष्ट रूप से हत्या बताई गई।

इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और मृतिका के परिवारिक संबंधों की गहराई से पड़ताल की। जांच में सामने आया कि मृतिका और उसके पति चन्द्रशेखर यादव के बीच संतान को लेकर अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।

पुलिस की लगातार पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पति चन्द्रशेखर यादव ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि विवाद के दौरान गुस्से में आकर उसने रस्सी से पत्नी का गला घोंट दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई काले रंग की रस्सी भी बरामद कर ली।

जांच के दौरान एक और अहम तथ्य सामने आया। आरोपी की मां रिना बाई यादव ने घटना को छुपाने की कोशिश की और नवविवाहिता की मौत को सीने में दर्द से हुई प्राकृतिक मौत बताकर पुलिस को गुमराह किया। इस पर पुलिस ने उन्हें भी साक्ष्य छुपाने और भ्रामक सूचना देने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238(क) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

आरोपीगण का नाम

(01) चन्द्रशेखर यादव पिता एवन लाल यादव, उम्र 26 वर्ष

(02) रिना बाई यादव पति एवन लाल यादव, उम्र 46 वर्ष

दोनों निवासी ग्राम हरदी, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी (छ.ग.)।