
नई दिल्ली। ग्रैंड शतरंज टूर रैपिड 2025 के जागरेब चरण में विश्व शतरंज चैंपियन भारतीय ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश ने दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन को काले मोहरों के साथ छठे राउंड में हरा दिया।

पहले दिन तीन में से दो मैच जीतने वाले गुकेश ने चौथे और पांचवें दौर में उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव और अमेरिकी ग्रैंडमास्टर फैबियानो कारूआना को हराया था। यह कार्लसन पर गुकेश की लगातार दूसरी जीत है। पिछले महीने उन्होंने कार्लसन को नार्वे शतरंज में हराया था। गुकेश को पहले मुकाबले में पोलैंड के डूडा ने 59 चालों में मात दी। इसके बाद गुकेश ने वापसी की। उन्होंने फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा और हमवतन प्रज्ञानंद को मात दी।