गंगटोक में हिमस्खलन से 7 टूरिस्ट की मौत, 11 की हालत गंभीर

गंगटोक में हिमस्खलन से 7 टूरिस्ट की मौत, 11 की हालत गंभीर

सिक्किम की राजधानी गंगटोक में मंगलवार को एवलांच (हिमस्खलन) हुआ। इसमें 7 टूरिस्ट की मौत हो गई। मरने वालों में चार पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। यह घटना दोपहर करीब 12:20 बजे गंगटोक को नाथु ला दर्रे से जोड़ने वाले जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर हुई। 22 पर्यटकों को बर्फ से निकाला गया है, इनमें 11 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें गंगटोक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आर्मी के सूत्रों के मुताबिक, जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर 14वें पड़ाव पर हुए हिमस्खलन में 25-30 पर्यटक फंस गए थे। बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (BRO) ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करके 22 लोगों को बचाया है। इसमें छह पर्यटक गहरी घाटी से निकाले गए। करीब 350 लोग और 80 गाड़ियां सड़क बाधित होने के कारण नाथू ला पर फंसे हुए थे।