गोदाम में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, ₹22,900 का पूरा सामान बरामद

गोदाम में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, ₹22,900 का पूरा सामान बरामद

रामानुजगंज। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की रामानुजगंज पुलिस ने व्यापारी के गोदाम में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया ₹22,900 कीमत का पूरा सामान भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक 11 निवासी सारांश केसरी ने थाना रामानुजगंज में शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 जुलाई की दरमियानी रात वार्ड क्रमांक 3 स्थित उनके गोदाम से एक मिक्सी, दो कूलर मोटर, एक मोबाइल फोन और दो पंखे चोरी हो गए थे। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदेही नयन गुप्ता (25 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 9, रामानुजगंज को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर जब्त किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।